धनबाद(DHANBAD): धनबाद जिला प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने 34 निम्न वर्गीय लिपिक समेत कुल 43 कर्मियों का दूसरे विभागों में स्थानांतरण किया है।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य सचिव, झारखंड के निर्देश पर कार्यहित और प्रशासनिक दृष्टिकोण से तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही कार्यालय में पदस्थापित कर्मियों का तबादला किया गया है। स्थानांतरित कर्मियों में एक कार्यालय अधीक्षक, पांच प्रधान लिपिक और तीन उच्च वर्गीय लिपिक भी शामिल हैं।
डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि विपत्र कार्य से जुड़े ऐसे लिपिक और प्रधान लिपिक जिनका तीन वर्षों से अधिक का कार्यकाल पूरा हो चुका है, वे तत्काल अपना प्रभार दूसरे कर्मियों को सौंप दें। साथ ही संविदा या मानदेय पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को किसी भी परिस्थिति में वित्तीय कार्य का प्रभार नहीं देने का निर्देश भी जारी किया गया है।
इसके अलावा सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों यानी डीडीओ को अपना डिजिटल सिग्नेचर और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को 25 मई 2026 तक स्थानांतरित कर्मियों को विरमित करने का निर्देश दिया है। ऐसा नहीं होने पर 26 मई से कर्मियों को स्वतः विरमित माना जाएगा। सभी स्थानांतरित कर्मियों को 26 मई को नए कार्यालय में योगदान देना होगा। मई महीने का वेतन भी नए कार्यालय से ही निर्गत किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा कई शाखाओं और प्रखंड कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों का दूसरे कार्यालयों में स्थानांतरण किया गया है। इसमें जिला राजस्व शाखा, पंचायत कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, आपूर्ति शाखा, गोपनीय शाखा, भूमि सुधार कार्यालय सहित कई कार्यालय शामिल हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

