विगत चुनावों में संतोष सिंह की भूमिका संदेहास्पद: अशोक प्रकाश लाल
धनबाद(DHANBAD): कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह के खिलाफ धनबाद जिला कांग्रेस के एक बड़े खेमे ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को धनबाद परिसदन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए वैभव सिन्हा ने कहा कि जिलाध्यक्ष संतोष सिंह भाजपा के स्लीपर सेल की तरह काम कर रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में उनकी भूमिका संदेहास्पद रही थी। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में भी बाघमारा सीट पर उनके एक करीबी के चुनाव मैदान में उतरने के कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और इस मामले में जिलाध्यक्ष ने कोई ठोस पहल नहीं की। झरिया सीट, जो कांग्रेस के पास थी, वहां भी जिलाध्यक्ष की भूमिका के कारण ही पार्टी को पराजय झेलनी पड़ी। नगर निगम चुनाव में भी वह कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी शमशेर आलम को पार्टी का वोट दिलाने में पूरी तरह विफल रहे।
बैठक के दौरान अशोक प्रकाश लाल ने भी जिलाध्यक्ष की कार्यशैली और भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए, जिसका वहां मौजूद सभी कांग्रेस नेताओं ने एकमत से समर्थन किया। खबर लिखे जाने तक परिसदन में कांग्रेस नेताओं की यह बैठक जारी है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

