धनबाद(DHANBAD): झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने आज भारत सरकार के कोयला राज्य मंत्री के धनबाद आगमन पर उनसे मुलाकात कर धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क (एस एच.-32) को अविलंब मरम्मत कर चालू कराने की मांग को लेकर विस्तृत बात की एवं क्षेत्र के आमलोगों, व्यापारियों को होने वाली समस्या से अवगत कराया साथ ही लिखित मांग पत्र सौंपा।
विधायक सिन्हा ने पत्र के माध्यम से बताया कि धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पिछले लगभग एक माह से बंद पड़ा हुआ है, जिससे आम जनता, व्यापारियों, छात्रों, मरीजों एवं दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क धनबाद का लाइफ लाइन मार्ग है, जिसके बंद रहने से केंदुआ, पुटकी, लोयाबाद, छाताटांड़ सहित आसपास के क्षेत्रों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों में भू-धंसान एवं गैस रिसाव की घटनाएं हुई हैं, जहां सड़क की खुदाई कर बालू भराई के माध्यम से मार्ग को पुनः चालू कराया गया था। किंतु इस बार केंदुआडीह थाना मोड़ के समीप सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।
विधायक राज सिन्हा ने मांग पत्र में बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा वैज्ञानिक रिपोर्ट एवं खतरे का हवाला देकर सड़क बंद किए जाने पर कई गंभीर प्रश्न उठाए। उन्होंने कहा कि यदि वैज्ञानिकों द्वारा Ground-based Settlement Survey (ग्राउंड बेस्ड सेटलमेंट सर्वे)अथवा Remote Sensing आधारित सर्वे किया गया है, तो उसकी रिपोर्ट एवं डेटा सार्वजनिक किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी पूछा कि यदि क्षेत्र में कोई वास्तविक खतरा है तो वहां लगातार निगरानी एवं वैज्ञानिक मॉनिटरिंग की व्यवस्था क्यों नहीं दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि धनबाद की जनता जानना चाहती है कि क्या पूर्व में अन्य क्षेत्रों में भू-धंसान की घटनाओं के बाद भी सभी मार्गों को इसी प्रकार स्थायी रूप से बंद किया गया था? जनता को राहत देने के लिए व्यवहारिक समाधान निकालना सरकार एवं संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
सिन्हा ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि पूर्व में अपनाए गए उपायों की तरह सड़क की खुदाई कर वहां बालू भराई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कर मार्ग को पुनः चालू कराया जाए तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य को राज्य सरकार के पथ निर्माण विभाग को सौंपा जाए।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के बंद होने से केंदुआ, छाताटांड़, पुटकी, लोयाबाद एवं आसपास के हजारों छोटे-बड़े व्यवसायी आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। जनता अब शीघ्र समाधान चाहती है।
विधायक राज सिन्हा ने विश्वास जताया कि केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री इस गंभीर जनसमस्या पर संवेदनशीलता के साथ पहल करेंगे और धनबाद की जनता को शीघ्र राहत दिलाने का कार्य करेंगे।
केंद्रीय कोयला मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने विधायक सिन्हा के सभी बातों को ध्यान पूर्वक सुना एवं मांगो पे अविलंब कार्रवाई की बात कही।
इस अवसर पे बीसीसीएल के सी एम डी मनोज अग्रवाल, बालमुकुंद राम सहित कई अन्य उपस्थित थे.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

