झरिया विधायक रागिनी सिंह की पहल पर धनबाद के धार्मिक स्थलों के विकास एवं पर्यटन विस्तार को मिली स्वीकृति…

झरिया विधायक रागिनी सिंह की पहल पर धनबाद के धार्मिक स्थलों के विकास एवं पर्यटन विस्तार को मिली स्वीकृति…

धनबाद(DHANBAD):झारखंड विधानसभा की युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति की विभागीय बैठक में धनबाद जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में धनबाद के कई ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में समिति की सभापति सबिता महतो, सदस्य विधायक बेरमो जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, विधायक रागिनी सिंह, विधायक प्रदीप प्रसाद एवं विधायक निसात आलम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान धनबाद जिलान्तर्गत मां कल्याणेश्वरी मंदिर निरसा, झरिया (बांसजोड़) स्थित मां खुखेश्वरी मंदिर, धनबाद साईं मंदिर, सिंदरी स्थित लिलोरी स्थान बासमारा, झरिया के जेलगोड़ा स्थित राम मंदिर तथा मां भव्य चंदनधारी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास को लेकर सहमति बनी। साथ ही मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ें।

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि धनबाद एवं झरिया क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। यहां के प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का विकास होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार प्रयासरत हैं तथा आगे भी क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के लिए हर संभव पहल जारी रहेगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *