झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के सत्र 2026–27 हेतु 39वीं अध्यक्ष के रूप में किरण शर्मा के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा चुनाव अधिकारी असीम अग्रवाल द्वारा की गई। इस घोषणा के साथ ही शाखा के सदस्यों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त हो गया।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कार्यकारिणी समिति द्वारा पाँच पूर्व अध्यक्षों की एक चुनाव समिति का गठन किया गया था। इस समिति में चुनाव अधिकारी के रूप में असीम अग्रवाल तथा सदस्य के रूप में रमेश बंसल, विनोद कसाट, विनोद शर्मा एवं विवेक लिल्हा को मनोनीत किया गया था। समिति ने पूरी प्रक्रिया को गरिमामय एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।
किरण शर्मा ने गत सत्र में शाखा की कोषाध्यक्ष के रूप में अत्यंत सक्रिय, जिम्मेदार एवं सराहनीय भूमिका निभाई थी। सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी विशेष रुचि एवं समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहा है। एक कुशल गृहिणी होने के साथ-साथ उनका व्यवहारिक नेतृत्व एवं संगठन क्षमता शाखा के आगामी कार्यकाल में नई ऊर्जा एवं दिशा प्रदान करेगी।
उल्लेखनीय है कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की स्थापना 25 जून 1985 को हुई थी। शाखा के संस्थापक अध्यक्ष श्री श्रीगोपाल अग्रवाल थे। स्थापना काल से ही शाखा सामाजिक सेवा, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनहित कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती आ रही है।
नई अध्यक्ष के चयन से शाखा के आगामी कार्यकाल को लेकर सदस्यों में विशेष उत्साह एवं सकारात्मक अपेक्षाएँ देखने को मिल रही हैं। सभी सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती किरण शर्मा के नेतृत्व में शाखा सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि झरिया शाखा को सत्र 2025–26 हेतु प्रांत की “सर्वश्रेष्ठ शाखा” का पुरस्कार प्राप्त हुआ है, वहीं शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा को “श्रेष्ठ शाखा अध्यक्ष” सम्मान से नवाजा गया है। यह उपलब्धि शाखा की निरंतर सक्रियता एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचायक है।
शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने जानकारी दी कि शीघ्र ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर विधिवत पद हस्तांतरण की प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी।
किरण शर्मा के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर झरिया शाखा के सदस्यों सहित प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाडिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष आदित्य अग्रवाल एंव स्वेता जालान, प्रांतीय संयोजक नीरज अग्रवाल, मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष सुनील सांवरिया, सम्मेलन उपाध्यक्ष मनोज सांवरिया, बालिका विद्या मंदिर के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, हरि प्रकाश लाटा तथा बालिका विद्या मंदिर के सचिव सुनील अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित कीं।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

