धनबाद(DHANBAD): धनबाद उपायुक्त के सख्त निर्देश के बावजूद जिले में गैस एजेंसियों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि कुछ एजेंसियों ने अपने कार्यप्रणाली में सुधार किया है, लेकिन अब भी कई एजेंसियां नियमों का हवाला देकर उपभोक्ताओं को लगातार परेशान कर रही हैं।
ताजा मामला शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित इंडेन गैस एजेंसी “श्री विग्नेश” से जुड़ा है, जहां उपभोक्ताओं को गलत जानकारी देकर रोजाना कार्यालय का चक्कर लगवाया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कभी उनकी गैस बुकिंग को बिना कारण कैंसिल बता दिया जाता है, तो कभी DAC कोड के नाम पर उन्हें भ्रमित किया जाता है।
गौरतलब है कि DAC (Delivery Authentication Code) हर गैस डिलीवरी के समय सत्यापन के लिए जरूरी होता है, लेकिन कई बार तकनीकी या एजेंसी स्तर की गड़बड़ी से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है।
पीड़ित उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। वहीं, इस तरह की लापरवाही से आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ऐसे मामलों में उपभोक्ता सीधे शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। इंडेन गैस के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर शिकायत की सुविधा उपलब्ध है, जहां ग्राहक अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं।
अब सवाल यह उठता है कि जब प्रशासन ने पहले ही सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं, तो फिर एजेंसियों की यह मनमानी क्यों जारी है। देखना होगा कि धनबाद उपायुक्त इस मामले को कितना गंभीरता से लेते हैं और दोषी एजेंसियों पर क्या कार्रवाई होती है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

