भागलपुर(BIHAR): भागलपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
उत्तर बिहार की लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब देर रात अचानक गंगा नदी में गिर गया।
घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पुल के जिस हिस्से में दरार आई थी, उसे लेकर पहले भी चिंता जताई जा चुकी थी। हाल ही में एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पुल के पिलर और स्लैब में गंभीर क्षति साफ दिखाई दे रही थी।
घटना से पहले प्रशासन ने एहतियातन ट्रैफिक रोक दिया था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि, इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह महज एक संयोग था या फिर लगातार हो रही अनदेखी और लापरवाही का नतीजा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति लंबे समय से खराब थी और मरम्मत की मांग भी उठाई जा रही थी, लेकिन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए।
फिलहाल पूरे पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदारी तय होती है या नहीं, और इस अहम पुल की मरम्मत कितनी जल्दी हो पाती है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

