रांची(JHARKHAND): झारखंड प्रदेश कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित जंबो कमेटी का गठन रविवार को कर दिया गया। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और सह प्रभारी भूपेंद्र मारावी ने संयुक्त रूप से दी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मंजूरी के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी और उसकी सहयोगी समितियों का गठन किया गया है।
इस दौरान सतीश पाल मुंजनी, अभिलाष साहू, सोनाल शांति और राजन वर्मा भी मौजूद रहे। नई कमेटी में सात उपसमितियों का भी गठन किया गया है, जिनमें पीसीसी कार्यकारी समिति, राजनीतिक मामलों की समिति, समन्वय समिति, अभियान समिति, परिसीमन समिति, चुनाव प्रबंधन समिति और एसआईआर समिति शामिल हैं।
नेताओं ने बताया कि इन समितियों में राज्य के विभिन्न मुद्दों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चेहरों को शामिल किया जाएगा।
कमेटी में गोपाल साहू को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा 16 उपाध्यक्ष और 43 महासचिवों की लंबी सूची जारी की गई है, जिसमें राज्य के कई अनुभवी और नए चेहरों को स्थान मिला है।
बताया गया कि सोमवार को सभी पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत 14 उपाध्यक्षों को एक-एक संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि दो उपाध्यक्षों को पीसीसी के विभागों और फ्रंटल संगठनों के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
नई कमेटी के गठन को संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

