
मारवाड़ी युवा मंच,झरिया शाखा का सेवा आयोजन, श्रमिकों को किया सम्मानित
झरिया(JHARIA): झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के आह्वान पर मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा श्रम दिवस के अवसर पर शनिवार को मारवाड़ी विद्यालय, झरिया में एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें विद्यालय में सेवा दे रहे सेवक एवं सेविकाओं के बीच आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव श्री अरविंद शर्मा, शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सनी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा तथा संयुक्त सचिव गौतम अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य रावानी सर एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष किरण शर्मा ने कहा, “श्रम दिवस केवल एक दिन नहीं, बल्कि उन सभी कर्मयोगियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सम्मान का प्रतीक है, जो अपने परिश्रम से समाज की नींव को सुदृढ़ बनाते हैं। मारवाड़ी युवा मंच का उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग पहुँचाना है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ही समाज में बड़े परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होते हैं। हम सभी का कर्तव्य है कि श्रमिकों के सम्मान एवं उनके सहयोग के लिए सदैव आगे आएँ।”
कार्यक्रम संयोजक सनी अग्रवाल ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा संगठन की सेवा भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।
यह आयोजन सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

