मध्य प्रदेश(MP): मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बरगी डैम पर नर्मदा नदी में क्रूज का आनंद ले रहे लोग अचानक मौत के मुंह में समा गए, जब गुरुवार, 30 अप्रैल की रात यह क्रूज डूबने लगा।
इस भयावह हादसे में कुल 39 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। एक मां की लाश मिली, जिसके सीने से उसका तीन साल का मासूम बच्चा चिपका हुआ था। बताया जा रहा है कि मां ने अपने बच्चे को बचाने के लिए उसे लाइफ जैकेट से बांधकर अपने सीने से लगा लिया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था—दोनों ही जिंदगी की जंग हार गए।
यह परिवार दिल्ली से घूमने आया था। इस हादसे में जहां पिता और बेटी की जान बच गई, वहीं मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही पल में खुशियों से भरा परिवार बिखर गया।
हादसे में बचे लोगों के लिए यह किसी दूसरे जन्म से कम नहीं है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया—“अचानक बोट हिलने लगी, किसी को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। ऐसा लग रहा था जैसे मौत सामने खड़ी हो।”
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

