लोयाबाद(JHARKHAND): लोयाबाद कोयलांचल क्षेत्र में हनीट्रैप का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार आरोप है कि एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाकर उससे करीब साढ़े चार लाख रुपये की ठगी की गई।मामले में लोयाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय पार्टी से जुड़ी एक महिला नेत्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई धनबाद के सरायढेला निवासी रवि अग्रवाल की शिकायत पर की गई।पीड़ित रवि ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 28 अप्रैल को उसकी पहचान फेसबुक मैसेंजर के जरिए उक्त महिला से हुई।बातचीत के दौरान महिला ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और मिलने के लिए बुलाया।रवि के अनुसार, पहले बैंक मोड़ पर मिलने की बात हुई, लेकिन बाद में महिला ने फोन कर स्थान बदलते हुए केंदुआ आने को कहा। जब वह केंदुआ पहुंचा तो महिला से मुलाकात हुई। इसके बाद बातचीत के दौरान बीयर पीने की बात हुई और महिला उसे अपने लोयाबाद 6 नंबर स्थित घर ले गई।पीड़ित का आरोप है कि वहां पहले से दो युवतियां मौजूद थीं।उसे बीयर में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया,जिससे वह अचेत हो गया। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की।आरोप है कि बदमाशों ने उसके बैंक खाते से करीब 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।इतना ही नहीं, आरोपियों ने रवि के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।इसके अलावा उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 1 लाख 62 हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग भी की गई।हालांकि,पुलिस में शिकायत के बाद इस ट्रांजेक्शन को रद्द करा दिया गया।रवि ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे निर्वस्त्र कर एक युवती के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। जान से मारने और बदनामी की धमकी देकर उसे रात करीब 11 बजे छोड़ दिया गया।
घटना के अगले दिन यानी 29 अप्रैल को रवि ने लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को लोयाबाद 6 नंबर स्थित घर में छापेमारी कर मुख्य आरोपी महिला नेत्री को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में रवि ने महिला नेत्री के साथ-साथ उसके पति दो युवतियों और दो अज्ञात युवकों को भी आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार,आरोपी महिला पहले भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुकी है।लोयाबाद थाना में इस संबंध में कांड संख्या 09/2026 दर्ज किया गया है और पुलिस आरोपियों को कोर्ट में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी पीकु प्रसाद, एएसआई मिन्हाज खान और मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी सहित पुलिस बल शामिल था।पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

