सिंदरी(SINDRI):झारखंड के हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना को लेकर पत्रकार संगठन में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ बताया है। संगठन का कहना है कि प्रेस की स्वतंत्रता पर इस तरह का हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि मीडिया लोकतंत्र का एक अहम स्तंभ है। ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। संगठन ने राज्य सरकार से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही, इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, चाहे उनका पद या प्रभाव कुछ भी हो। साथ ही इस मामले में सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह संदेश जाएगा कि राज्य में प्रेस की सुरक्षा और सम्मान को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रेस की स्वतंत्रता को कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश का व्यापक विरोध किया जाएगा।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

