धनबाद(DHANBAD): वित्तीय वर्ष 2026-27 में केंद्रीय प्रायोजित योजना “मिशन फोर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस” के तहत प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए जिले के किसान 5 मई 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
इसकी जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि योजना के तहत किसानों के लिए प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें किसानों को अनुदान देने का प्रावधान है।
योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक किसान, स्वयं सहायता समूह, किसान उत्पादक संगठन, एफपीओ, पैक्स, एनजीओ अपना आवेदन पंचायती राज संस्था के मुखिया, जनप्रतिनिधि या जिला परिषद सदस्य से अनुशंसा कराकर 5 मई 2026 के संध्या 5:00 बजे तक कृषि पौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण, आत्मा, धनबाद के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
आवेदन के साथ किसानों को अपना पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, जमीन का खाता संख्या व प्लॉट नंबर, रकवा के साथ पूरा विवरण उपलब्ध कराना होगा। योजना के लिए लाभुकों का चयन प्रखंडवार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

