झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: बारिश-ओलावृष्टि से राहत, वज्रपात से कई की मौत…

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: बारिश-ओलावृष्टि से राहत, वज्रपात से कई की मौत…

रांची(RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मौसम ने अचानक करवट ली है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और बांग्लादेश के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से राज्यभर में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली है।

इस प्री-मानसून बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई जगहों पर यह आफत भी बनकर टूटी। गिरिडीह जिले के तिसरी में वज्रपात से दो युवकों—नुनमुनि कुमार और अमन कुमार—की मौत हो गई। वहीं लोहरदगा और सरायकेला में भी ठनका गिरने से अलग-अलग घटनाओं में जान गई।

सरायकेला के नीमडीह थाना क्षेत्र में एक किशोर की मौत उस समय हो गई जब वह बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ा था और आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।
राजधानी रांची में सुबह 4:30 बजे से शुरू हुई बारिश दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रही। कांके में 12.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि खूंटी और बेरमो में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

तेज हवाओं ने भी असर दिखाया—धनबाद और बोकारो में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। जमशेदपुर में ओलावृष्टि के साथ तापमान में 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने रांची सहित कई जिलों में आज भी आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है, जबकि 1 से 5 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *