दो दिवसीय क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम..

दो दिवसीय क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम..

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के पीएम केंद्रीय विद्यालय-1, बिनोद नगर के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (Regional Sports Meet) मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय संगठन के रांची संभाग के विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 100 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दो दिन पूर्व विद्यालय के प्राचार्य शैलेन्द्र शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मशाल जलाकर किया गया था। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया और खेल भावना की शपथ ली।

प्रतियोगिता के दौरान बास्केटबॉल, हैंडबॉल और शतरंज सहित कई खेलों का आयोजन किया गया। पहले दिन से ही खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां हर टीम और प्रतिभागी ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरे परिसर में खेल का जोश और उमंग देखने को मिला।

समापन दिवस पर विभिन्न खेलों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विजेता टीमों और खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिवार और आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

आयोजन समिति के संरक्षक एवं खेल अध्यापक विजय कुमार ने बताया कि बाहर से आए खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई थी। साथ ही खेल मैदानों को भी उच्च मानकों के अनुरूप तैयार किया गया, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिला।

इस सफल आयोजन के साथ ही विद्यालय में खेलों के प्रति छात्रों की रुचि और उत्साह को नई दिशा मिली है। प्रतियोगिता ने न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि आपसी सहयोग और खेल भावना का भी बेहतरीन संदेश दिया।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *