पश्चिम बंगाल(WEST BENGAL): पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर कोलकाता में एक भव्य रोड शो कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
रोड शो से पहले पीएम मोदी ने थंथनिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की और मां काली का आशीर्वाद लिया। मंदिर में पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया, वहीं पीएम ने कुछ समय मौन रहकर प्रार्थना भी की।
इसके बाद जैसे ही उनका काफिला सड़कों पर उतरा, पूरा इलाका “जय श्री राम” और शंखनाद से गूंज उठा। बिके पाल एवेन्यू से खन्ना क्रॉसिंग तक चला यह रोड शो हजारों समर्थकों की मौजूदगी का गवाह बना। महिलाओं और बुजुर्गों ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।
यह मंदिर कोलकाता के सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित काली मंदिरों में से एक माना जाता है, जिसकी स्थापना 1703 में हुई थी। यहां मां काली को ‘मां सिद्धेश्वरी’ के रूप में पूजा जाता है और इसे जागृत शक्ति पीठ माना जाता है।
चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी का उत्साह बढ़ा हुआ है। पार्टी के बड़े नेता, जिनमें अमित शाह भी शामिल हैं, लगातार प्रचार में जुटे हुए हैं।
उत्तर कोलकाता में यह रोड शो रणनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, जहां शहरी मतदाताओं को साधने की कोशिश की जा रही है। इस क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस का मजबूत प्रभाव रहा है, ऐसे में मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान पर अब सभी की नजरें टिकी हैं, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि किसकी रणनीति कामयाब होती है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

