लोहरदगा(JHARKHAND): लोहरदगा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। भंडरा थाना क्षेत्र के उदरंगी गांव में भीषण गर्मी के बीच प्यास से परेशान एक हिरण कुएं में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और पानी की कमी के कारण हिरण पानी की तलाश में भटक रहा था। इसी दौरान वह खुले कुएं के पास पहुंचा और संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया।घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत हिरण के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।यह घटना एक बार फिर बढ़ती गर्मी और जल संकट के कारण वन्यजीवों के सामने खड़े खतरे को उजागर करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे समय में जंगलों और ग्रामीण इलाकों में जल स्रोतों की व्यवस्था बेहद जरूरी है, ताकि वन्यजीवों की जान बचाई जा सके।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

