झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा बालिका विद्या मंदिर, झरिया में निःशुल्क कैंसर जागरूकता शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन असरफी कैंसर संस्थान के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. भाव्या गायत्री ने छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित किया, जिसमें उन्होंने कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए छात्राओं को HPV वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में बताया और सभी से अपील की कि वे अपने परिवार एवं समाज में भी इस जानकारी को साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग से कैंसर का समय रहते पता लगाया जा सकता है। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं तंबाकू से दूरी कैंसर के खतरे को कम करती है। महिलाओं को समय-समय पर सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की जांच करानी चाहिए तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसके उपरांत असरफी हॉस्पिटल की टीम द्वारा सभी शिक्षकों एवं छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण (वाइटल्स चेक) किया गया तथा आवश्यकतानुसार डॉ. भाव्या गायत्री द्वारा परामर्श दिया गया।
जिन शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मियों को विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श की आवश्यकता महसूस हुई, उनके लिए निःशुल्क ओपीडी कार्ड बनाया गया, जिसके माध्यम से उन्हें स्पेशलिस्ट डॉक्टर की निःशुल्क ओपीडी सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर बालिका विद्या मंदिर के कोषाध्यक्ष सह शाखा के पूर्व अध्यक्ष सीए श्याम सुंदर साह, शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सनी अग्रवाल, यश अग्रवाल एवं शाखा कोषाध्यक्ष किरण शर्मा उपस्थित थे। वहीं असरफी हॉस्पिटल की ओर से निहार, दीपक, जुलिता एवं काजल की उपस्थिति रही।
शिविर में कुल 117 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. भाव्या गायत्री एवं बालिका विद्या मंदिर की प्राचार्या l पूनम गोयल को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

