बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में नवनिर्मित खेल परिसंपत्तियों का उपायुक्त ने किया उद्घाटन…

बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में नवनिर्मित खेल परिसंपत्तियों का उपायुक्त ने किया उद्घाटन…

खेल भावना को बढ़ावा एवं खिलाड़ियों को सुगमता पूर्ण खेल सामग्री उपलब्ध कराने हेतु “खेल बैंक” का हुआ शुभारंभ…

सरायकेला(JHARKHAND): तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, पावर लिफ्टिंग सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड, सिल्वर, ब्रॉन्ज पदक विजेता एवं प्रतिभागी 13 खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित…

सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला परिसर में खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा नवनिर्मित टेनिस कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट एवं वॉलीबॉल कोर्ट का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। साथ ही खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने हेतु “खेल बैंक” का भी शुभारंभ किया गया। मौके पर नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं विभिन्न खेल संघों/संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी तथा Tata Steel Foundation के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि खेल भावना को बढ़ावा देने तथा खेल के क्षेत्र में रुचि रखने वाले अभ्यर्थियों को सुगम रूप से खेल उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “खेल बैंक” की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय युवाओं को नियमित अभ्यास हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए जिला एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सकारात्मक प्रयास से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा अधिक से अधिक युवा खेलों की ओर प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुल 13 खिलाड़ियों को उपायुक्त, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही सभी सम्मानित खिलाड़ियों को “खेल बैंक” के माध्यम से ट्रैकसूट एवं जूते प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि “खेल बैंक” हेतु आवश्यक खेल सामग्री कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद के अंतर्गत Tata Steel Foundation द्वारा उपलब्ध कराई गई ।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *