धनबाद (DHANBAD): केंदुआडीह क्षेत्र में भू-धंसान और गैस रिसाव की गंभीर घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। धनबाद विधायक राज सिन्हा ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो वे 23 अप्रैल 2026 से केंदुआडीह में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे..
विधायक ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने तुरंत जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की थी और खुद भी दो बार घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों की समस्याओं को जाना। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन और बीसीसीएल एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
राज सिन्हा ने उपायुक्त को दिए पत्र में यह भी चेताया है कि सड़क के किनारे गुजर रही पेयजल पाइपलाइन को भी खतरा है, जिससे लाखों लोगों के सामने जल संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि सड़क की मरम्मत, गैस रिसाव पर नियंत्रण और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाए। वहीं, उनकी धरने की चेतावनी के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट
