बिजली संकट को लेकर सक्रिय हुए मेयर संजीव सिंह, मुख्य सचिव से की सीधी वार्ता…

बिजली संकट को लेकर सक्रिय हुए मेयर संजीव सिंह, मुख्य सचिव से की सीधी वार्ता…

धनबाद/झरिया:इस भीषण गर्मी के दौर में झरिया एवं धनबाद क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार उत्पन्न हो रही बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या को लेकर धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने पहल करते हुए झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से दूरभाष पर वार्ता की।

बातचीत के दौरान मेयर संजीव सिंह ने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता को हो रही परेशानियों से मुख्य सचिव को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि डीवीसी (DVC) के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इस समस्या का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और बिजली जैसी आवश्यक सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक वे लगातार उच्च अधिकारियों के संपर्क में रहकर स्थिति की निगरानी करते रहेंगे।

मेयर संजीव सिंह का बयान:
“भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति की समस्या से जनता को राहत दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस विषय को लेकर मुख्य सचिव से वार्ता की गई है और उम्मीद है कि जल्द ही प्रभावी समाधान सामने आएगा।”

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *