सिंदरी(SINDRI):ACC परिसर में स्थित SBI का ATM एक बार फिर स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। लंबे समय तक शिकायतों और लगातार प्रयासों के बाद भारतीय रिज़र्व बैंक, SBI के शीर्ष अधिकारियों और वित्त मंत्रालय, भारत सरकार को अवगत कराने के पश्चात यह नया ATM कई महीनों बाद स्थापित किया गया था।
हालांकि, स्थापना के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। यह ATM महीने में केवल कुछ दिनों तक ही संचालित होता है, जबकि अधिकांश समय बंद रहता है। इसके साथ ही, यहां से सुरक्षा गार्ड को भी हटा दिया गया है, जिससे ग्राहकों को अतिरिक्त असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि SBI द्वारा सिंदरी के ग्राहकों के साथ ATM सेवाओं के मामले में लगातार उपेक्षा और भेदभाव किया जा रहा है। गौरतलब है कि पास में स्थित केनरा बैंक का ATM, पुराना होने के बावजूद, अधिकांश समय सुचारू रूप से कार्य करता है, जबकि SBI का नया ATM बार-बार खराब रहता है।
सिंदरी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए इसे उचित मंचों पर उठाने की पहल की है। साथ ही, चैंबर ने SBI और अन्य बैंकों से शहरपूरा बाजार क्षेत्र में भी ATM स्थापित करने का अनुरोध किया है। इस संदर्भ में FCI प्रबंधन से भी संपर्क किया गया है, जहां से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन मिला है।
सिंदरी चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मीडिया से अपील की है कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि संबंधित अधिकारियों तक आम जनता की आवाज पहुंचे और शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

