श्रीनगर(SRINAGAR): श्रीनगर से बड़ी खबर सामने आ रही है। जम्मू-कश्मीर में पहलगाम हमले की बरसी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। खुफिया इनपुट के मुताबिक आतंकी संगठन इस मौके पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
पिछले एक सप्ताह के दौरान पाकिस्तान की सेना और आईएसआई की ओर से आतंकियों को अत्याधुनिक हथियारों के साथ भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने की कोशिश की गई, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया।
अलर्ट के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई है। भीतरी इलाकों से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा तक चौकसी बढ़ा दी गई है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूर्व सक्रियता के तहत ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
दक्षिण कश्मीर में हाल ही में दो शक्तिशाली आईईडी भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें आतंकी किसी बड़ी घटना में इस्तेमाल करने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील बस्तियों की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिसमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल थे। इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया था।
सूत्रों के मुताबिक सीमा पार लॉन्चिंग पैड्स पर आतंकियों के कई समूह घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं। सांबा, कठुआ, राजौरी, पुंछ, उड़ी और टंगडार सेक्टर में गतिविधियां तेज हुई हैं।
सुरक्षाबल किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए लगातार मॉक ड्रिल कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
फिलहाल पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी आतंकी साजिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

