जमशेदपुर(JAMSHEDPUR ):शनिवार की देर रात्रि में सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आवास टावर अपार्टमेंट में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले के एक फ्लैट में एयर कंडीशनर ब्लास्ट होने के बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगने के बाद पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग फ्लैट के अंदर फंस गए।
AC में धमाके के बाद भड़की आग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीसरे तल्ले के फ्लैट से अचानक तेज धमाके की आवाज आई। इसके तुरंत बाद खिड़कियों से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। बताया जा रहा है कि एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के बाद ब्लास्ट हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई। फ्लैट में रखा फर्नीचर और अन्य सामान चपेट में आने से आग और भड़क गई।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ऊंचाई पर आग होने के कारण हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से पानी की बौछार की जा रही है। दमकल कर्मियों द्वारा फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पुलिस-प्रशासन मौके पर: घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने पूरे अपार्टमेंट को खाली कराया और आसपास बैरिकेडिंग कर दी है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एम्बुलेंस को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।
आग लगने के बाद अपार्टमेंट में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर सीढ़ियों से नीचे भागते नजर आए। कुछ लोग ऊपर के तल्लों पर फंस गए, जिन्हें दमकल कर्मी सीढ़ी लगाकर निकालने में जुटे हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के सही कारणों का पता दमकल विभाग की जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रारंभिक जांच में AC में ब्लास्ट को ही वजह माना जा रहा है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

