
धनबाद (DHANBAD)झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने केंदुआ क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर धंसी हुई सड़क एवं लगातार हो रहे गैस रिसाव की गंभीर स्थिति का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित स्थानीय परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना तथा क्षेत्र की वर्तमान परिस्थिति का जायजा लिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक सिन्हा ने पीबी एरिया के महाप्रबंधक (जीएम) से दूरभाष पर वार्ता कर सड़क की शीघ्र मरम्मत, गैस रिसाव पर तत्काल नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए एवं तत्काल ही
इसके उपरांत विधायक सिन्हा ने पीबी एरिया के महाप्रबंधक से उनके कार्यालय में भेंट कर केंदुआ क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तथा मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मांग रखी कि उन्हें बेलगड़िया के स्थान पर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर सामूहिक रूप से पुनर्वासित किया जाए, ताकि वे पूर्ववत सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित जीवनयापन कर सकें। इस विषय पर भी विधायक सिन्हा ने महाप्रबंधक से गंभीरता पूर्वक चर्चा की।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि केंदुआ क्षेत्र में सड़क धंसना और गैस रिसाव जैसी घटनाएं अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक हैं। आम जनता की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, पुनर्वास एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय के समाधान हेतु मैं सदैव प्रतिबद्ध हूँ।
इस अवसर पे मंडल अध्यक्ष रंजय सिंह, बालमुकुंद राम, रवि सिन्हा मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित, मनीष पांडेय, मनोज मालाकार, कपिलदेव पासवान सहित कई अन्य उपस्थित थे.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

