धनबाद(DHANBAD): धनबाद के झरिया में आज एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब नूनूडीह स्थित आरएसपी कॉलेज के नए भवन का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस मौके पर झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने पूजा-अर्चना कर आधारशिला रखी, वहीं धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह भी कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पूरे इलाके में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इस पहल को झरिया के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि कॉलेज भवन का निर्माण झरिया और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। वहीं मेयर संजीव सिंह ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
झरिया, जो अब तक अपनी औद्योगिक पहचान के लिए जाना जाता रहा है, वहां इस तरह के शैक्षणिक बुनियादी ढांचे का विस्तार क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
नया आरएसपी कॉलेज भवन न केवल छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि उच्च शिक्षा के नए अवसर भी प्रदान करेगा। आने वाले समय में यह पहल झरिया की शैक्षणिक पहचान को और मजबूत करने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

