उत्तर प्रदेश(UP): उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक मासूम आवाज इन दिनों पूरे प्रदेश का ध्यान खींच रही है। गंगेश्वरी ब्लॉक के देहरी गुज़र गांव की कक्षा 1 की छात्रा माही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में छोटी सी माही हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से प्राइवेट स्कूलों की महंगी किताबों के दाम कम करवाने की गुहार लगाती नजर आती है। मासूमियत भरे अंदाज में माही कहती है, “हर किसी के मां-बाप अमीर नहीं होते, डीएम साहब… मेरी आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि किताबें सस्ती करवा दीजिए।”
माही ने अपने वीडियो में किताबों का बिल भी दिखाया, जिसकी कीमत करीब 1900 रुपये है। इतनी छोटी उम्र में इतनी बड़ी बात कहने वाली माही की अपील लोगों के दिलों को छू रही है और तेजी से वायरल हो रही है।
वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और आम लोगों के बीच प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस और महंगी किताबों को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर बच्ची के साहस की सराहना करते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि निजी स्कूल हर साल किताबें और कॉपियां बदल देते हैं, जिससे उन्हें हर बार नई और महंगी किताबें खरीदनी पड़ती हैं। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
हालांकि, इस वायरल वीडियो को लेकर अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन माही की यह मासूम अपील एक बड़े मुद्दे को उजागर कर चुकी है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह आवाज सिस्टम तक पहुंचकर कोई बदलाव ला पाएगी, या फिर यह भी एक वायरल वीडियो बनकर रह जाएगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

