महाकुंभ में ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से चर्चा में आए Abhay Singh ने अब अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर ली है। संन्यासी वेश में वायरल वीडियो से सुर्खियों में आए अभय सिंह ने शादी कर गृहस्थ जीवन अपना लिया है।
हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव के रहने वाले अभय सिंह हाल ही में अपनी पत्नी प्रतीका के साथ झज्जर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने परिवार से मुलाकात की। इस दौरान वे अपने वकील पिता के चेंबर भी गए और पुराने दिनों को याद किया।
अभय सिंह ने बताया कि उन्होंने Mahashivratri के दिन 15 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में शादी की, जिसके बाद 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज भी की। उनकी पत्नी प्रतीका कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं।
मीडिया से बातचीत में प्रतीका ने अभय की सादगी और ईमानदारी की तारीफ की और बताया कि दोनों एक साझा उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
अभय और प्रतीका का सपना है एक ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ स्थापित करना, जहां आध्यात्मिकता और आधुनिक शिक्षा का संगम हो सके। फिलहाल दोनों हिमाचल प्रदेश में रहकर इस दिशा में काम कर रहे हैं।
झज्जर में उनकी मौजूदगी के दौरान लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली और कई लोग उनके साथ तस्वीरें लेते नजर आए। सोशल मीडिया पर भी उनकी शादी को लेकर खूब चर्चा हो रही है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

