मिडिल ईस्ट में जारी तनाव अब आम यात्रियों की जेब पर सीधा असर डालने लगा है। जेट फ्यूल की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल के बाद एअर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है, जिससे हवाई सफर महंगा होना तय है। 8 अप्रैल से लागू हो रहे नये बदलाव के तहत घरेलू उड़ानों के किराये में 299 से 899 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय टिकट 2,200 से लेकर 26,000 रुपये तक महंगे हो सकते हैं। खास बात यह है कि यूरोप, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया रूट्स पर नई दरें 10 अप्रैल से लागू होंगी।
Air India में घरेलू उड़ानों में नया ग्रिड सिस्टम
एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से नया ग्रिड सिस्टम लागू किया है, जबकि इंटरनेशनल रूट्स पर ज्यादा बढ़ोतरी की गई है, क्योंकि वहां ATF कीमतों पर कोई सीमा नहीं है। दरअसल, जेट फ्यूल की कीमतें एक महीने में लगभग दोगुनी हो गई हैं। फरवरी के 99 डॉलर से बढ़कर मार्च में 195 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। ऐसे में एयरलाइंस पर लागत का दबाव बढ़ा है, जिसका असर अब सीधे यात्रियों पर दिख रहा है। एयर इंडिया का कहना है कि बढ़ा हुआ सरचार्ज भी पूरी लागत को कवर नहीं करता, यानी कंपनी अब भी कुछ बोझ खुद उठा रही है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

