धनबाद(DHANBAD): धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में रामनवमी के पावन अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान हुई पथराव की घटना ने क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है। इस घटना के बाद धनबाद के लोकप्रिय सांसद ढुल्लू महतो ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
सांसद ढुल्लू महतो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह घटना प्रशासन की भारी चूक का परिणाम है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए सवाल किया कि जब क्षेत्र संवेदनशील था तो पुलिस ने पहले से टाइट व्यवस्था क्यों नहीं की थी।
सांसद ने वर्तमान हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा जब तक झारखंड में इस सरकार का राज रहेगा तब तक प्रशासन अपनी मनमर्जी से काम करेगा। हमारे हिंदू भाइयों को हमेशा पीटा जा रहा है और जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में मांग की है कि प्रशासन को उन लोगों को चिन्हित करना चाहिए जिन्होंने शांतिपूर्ण रामनवमी रैली पर पत्थरबाजी की वैसे अपराधियों को चुन-चुन कर जेल भेजना चाहिए।
भिखराजपुर में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का भाव है। सबसे बड़ा सवाल पुलिस की पारदर्शिता पर उठ रहा है।
घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता को यह जानकारी नहीं दी है कि स्थिति कितनी सुरक्षित है। लोग असमंजस में हैं कि वे सुरक्षित हैं या नहीं।
फिलहाल भिखराजपुर और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात है, लेकिन सांसद के कड़े तेवर और पुलिस की चुप्पी ने मामले को गरमा दिया है। वहीं भाजपा के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी श्रीमती तारा देवी ने भी कही की जब निर्धारित मार्ग से राम भक्तों की जुलुस जा रहा था तभी पूरी साजिश के तहत मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पत्थर बाजी कर दंगा पैदा किया। उन्होंने भी वैसे लोगों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की।हिंदू समुदाय के लोगों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना पर्व मना रहे थे, तभी उपद्रवियों द्वारा हमला किया गया। अब उपद्रवियों द्वारा किए गए हमले पर पुलिस का निष्पक्ष कार्रवाई न करना चिंता का विषय है।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट

