धनबाद/झरिया: झरिया समेत समस्त कोयलांचल क्षेत्र में बिगड़ी बिजली व्यवस्था, लगातार हो रही कटौती और उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे गलत बिजली बिलों को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने ऊर्जा विभाग के सचिव के ओएसडी राजेश बारवार से दूरभाष पर विस्तार से बातचीत कर विभाग के मनमाने रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक रागिनी सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि झरिया, लोयाबाद, जामाडोबा, सिंदरी समेत पूरे कोयलांचल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति के कारण आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के मौसम की शुरुआत होते ही स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे आम जनता, छोटे व्यवसायियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कहीं अधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। कई गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार गलत बिल आने के कारण मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। कई मामलों में बिना जांच के ही उपभोक्ताओं पर बकाया राशि का दबाव बनाया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है।
विधायक रागिनी सिंह का बयान:
विधायक रागिनी सिंह ने इस संबंध में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा—
“झरिया सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र से लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और गलत बिजली बिल की शिकायतें मिल रही हैं। बिजली विभाग का यह मनमाना रवैया बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता पहले ही कई समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा में लापरवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने आगे कहा—
“मैंने ऊर्जा विभाग के सचिव के ओएसडी से स्पष्ट रूप से कहा है कि झरिया समेत सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को तत्काल दुरुस्त किया जाए। साथ ही जिन उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल भेजे गए हैं, उनकी जांच कर उन्हें शीघ्र संशोधित किया जाए। यदि विभाग द्वारा जल्द सुधार नहीं किया गया तो जनता के हित में आगे और कड़ा कदम उठाया जाएगा।”
OSD ने दिया आश्वासन
बातचीत के दौरान राजेश बारवार ने विधायक को आश्वस्त किया कि झरिया और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बिजली आपूर्ति में सुधार और बिल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

