राँची(RANCHI):राजधानी राँची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। एक ही रात में बीआईटी और टाटीसिलवे इलाके में हथियारबंद अपराधियों ने तीन पेट्रोल पंपों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन अपराधी बीआईटी के नेवरी स्थित ड्रीम पेट्रोल पंप पहुंचे और हथियार के बल पर कर्मियों से करीब 2 लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद पास के ही एक अन्य पेट्रोल पंप से 2 हजार रुपये और एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
घटना यहीं नहीं रुकी। भागते समय अपराधी एक दुकान में भी घुस गए, जहां लूटपाट के दौरान दुकानदार के विरोध करने पर उसे चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
वहीं, टाटीसिलवे इलाके में भी एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने करीब 12 हजार रुपये लूट लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

