हज़ारीबाग़(HAZARIBAGH): कभी मोहब्बत की मीठी फुसफुसाहटों से शुरू हुई एक कहानी आखिरकार गोलियों की गूंज में खत्म हो गई। हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव का रहने वाला विकास कुमार उर्फ करणजीत अब इस दुनिया में नहीं है। चतरा में बीते 13 मार्च को दिनदहाड़े उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया। विकास कुमार का कसूर केवल इतना था कि वह सीमा(बदला हुआ नाम) से प्यार करता था। दोनों के बीच प्यार इतना गहरा हुआ कि एक दिन दोनों घर छोड़कर फरार हो गये और उन्होंने हरिद्वार के एक मंदिर में शादी कर ली। इस घटना के बाद युवती के माता-पिता ने थाने में आवेदन देकर बेटी की तलाश की गुहार लगाई। पुलिस ने दोनों को आखिरकार अयोध्या से खोज निकाला। सीमा अभी बालिग नहीं थी, इसलिए विकास कुमार को जेल भेज दिया गया, वहीं, युवती को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। वहीं, सीमा की दूसरे लड़के से शादी तय कर दी गई। इधर, करीब तीन महीने जेल में रहने के बाद विकास जमानत पर बाहर आया। इसके बाद वह नियमित रूप से चतरा कोर्ट में पेशी के लिये जाने लगा। इसी दौरान उसे लगातार धमकियां मिलने लगीं। इल्जाम है कि युवती की मां लीला देवी और पिता आदित्य साहू और परिवार के अन्य लोग उसे फोन पर जान से मारने की धमकी देते रहे। विकास के घरवालों का इल्जाम है कि बीते 18 जून को कुछ लोगों ने विकास को जबरन उठा लिया था। उसकी कनपट्टी पर हथियार सटाकर कहा गया कि अगर उसने लड़की से संबंध नहीं तोड़े तो उसे जान से मार दिया जायेगा। उस दिन किसी तरह समझा-बुझाकर उसे छोड़ दिया गया। लेकिन खतरे के साये के बावजूद विकास कोर्ट में पेशी के लिये आता-जाता रहा। बीते 13 मार्च की शाम करीब चार बजे विकास चतरा कोर्ट से पेशी के बाद अपने घर केरेडारी लौट रहा था। तभी एक पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उसका पीछा किया। मौका मिलते ही हमलावरों ने पहले उसे बाइक से गिराया फिर उसके सीने में गोली दाग दी। विकास मौके पर ही मारा गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गये। मारे गये विकास के बाप, भाई, दोस्त का इल्जाम है कि लड़की के पिता आदित्य साहू और मां लीला देवी विकास की हत्या की साजिश में शामिल हैं। दोनों चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के कुड़लौंगा गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं। वहीं, लड़की का भी इल्जाम है कि उसके माता-पिता, भाई और मामा ने मिलकर विकास कुमार की हत्या करवाई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि विकास का भाई पहले ही केरेडारी थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन देकर धमकियों की जानकारी दे चुका था। लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और यह कहकर समझा-बुझाकर वापस भेज दिया कि धमकी तो कोई भी दे सकता है, कोई किसी को नहीं मारेगा। विकास की हत्या के बाद हरकत में आई पुलिस ने युवती की मां लीला देवी और एक पिस्टल सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ ही दिनों में सीमा बालिग होने वाली थी। सुनें क्या बोली सीमा और विकास के घरवाले…..
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

