इंदौर(INDORE): इंदौर के बंगाली चौराहे के पास बुधवार भोर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। एक घर के बाहर चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ और चंद मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें घर तक पहुंचीं और फिर सिलेंडरों में धमाके शुरू हो गये। सुबह करीब 4 बजे हुये इस हादसे में एक के बाद एक चार सिलेंडर फटे। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका कांप उठा। तीन मंजिला मकान का हिस्सा ढह गया और अंदर सो रहे लोग संभल भी नहीं सके। इस भीषण आग में 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं। बताया जा रहा है कि पुगलिया परिवार के यहां पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसके कारण कई रिश्तेदार घर में ही ठहरे हुये थे। इसी वजह से जनहानि ज्यादा हुई। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जांच में एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई कि घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक लॉक बिजली कटने के बाद नहीं खुले, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गये। दरवाजे तोड़कर बाहर निकालना पड़ा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।मृतकों में विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22), सुमन (60), मनोज (65), सिमरन (30), राशि सेठिया (12) और एक मासूम बच्चा शामिल है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

