बिहार(BIHAR): मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र का असिया गांव मंगलवार की देर रात को डरावने माहौल में बदल गया। पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने आई पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच भीषण झड़प हुई। गोलीबारी में एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं।
नाबालिग से जुड़े मामले में पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ गलत काम हुआ था। कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी का आदेश दिया। उसी आदेश को अमली जामा पहनाने के लिए गायघाट पुलिस असिया गांव पहुंची। पुलिस जैसे ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और टीम का विरोध करने लगे।
विवाद बढ़ा, पुलिस पर हमला
स्थिति देखते ही देखते नियंत्रण से बाहर हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। भीड़ ने दो पुलिस वाहनों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में गायघाट थानेदार और दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बचाव में हवाई फायरिंग की, लेकिन ग्रामीणों की तरफ से भी गोली चली। इस गोलीबारी में जगतवीर राय (60 वर्ष) की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में तनावपूर्ण माहौल
हिंसक घटना के बाद असिया गांव और आसपास के इलाकों में माहौल बेहद तनावपूर्ण है। पुलिस अधीक्षक और डीएसपी पूर्वी मौके पर भारी फोर्स के साथ कैंप कर रहे हैं। इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी और गांव में फिलहाल सन्नाटा पसरा हुआ है। हर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

