जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): रांची और बोकारो के सिविल कोर्ट के बाद अब जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद मंगलवार को पूरे शहर में सनसनी फैल गई। संस्थान को ईमेल के जरिये धमकी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही SSP पीयूष कुमार पांडेय के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गये और पूरे कैंपस को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियात के तौर पर कैंपस खाली कराया गया और क्लासरूम, हॉस्टल व प्रशासनिक भवनों से छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। पुलिस पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रही है। उधर पुलिस का साइबर सेल यह पता लगाने में जुटा है कि धमकी भरा ईमेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया। जांच पूरी होने तक कैंपस में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

