DESK:PM नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में 6 बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब 8.80 लाख करोड़ रुपये है, जिनसे देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
कैबिनेट के अहम फैसले
जल जीवन मिशन 2.0: मिशन की अवधि दिसंबर 2028 तक बढ़ाई गई। इसकी कुल लागत बढ़ाकर ₹8.69 लाख करोड़ कर दी गई है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
मदुरै एयरपोर्ट बना इंटरनेशनल: तमिलनाडु के मदुरै एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किया गया। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
रेलवे की दो बड़ी परियोजनायें: संतरागाछी–खड़गपुर चौथी रेल लाइन, सैंथिया–पाकुड़ चौथी रेल लाइन। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 4474 करोड़ रुपये है और इनसे रेल नेटवर्क में करीब 192 किमी की बढ़ोतरी होगी। सरकार के मुताबिक इन रेल परियोजनाओं से 5652 गांवों और करीब 1.47 करोड़ लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इनका लक्ष्य 2030-31 तक पूरा करना है। साथ ही मध्य प्रदेश के बदनावर–थांदला–टिमरवानी हाईवे को चार लेन बनाने और जेवर एयरपोर्ट को फरीदाबाद से जोड़ने वाली परियोजना को भी मंजूरी दी गई है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

