नई दिल्ली(NEW DELHI ): दिल्ली के विकासपुरी इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक बस हेल्पर की बस के भीतर जलने से मौत हो गई. मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो रात में बस के अंदर ही सो रहा था.
घटनास्थल से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुनील ने बस के भीतर मच्छर भगाने के लिए अगरबत्ती जलाई थी, और आशंका यही जताई जा रही है कि आग इसी अगरबत्ती से लगी और धीरे-धीरे पूरी बस में फैल गई.
हादसा देर रात उस समय हुआ जब आसपास के लोगों ने बस से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं. सोशल मीडिया पर आया एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पूरी बस धू-धू कर जलती दिखाई दे रही है. आग इतनी तेजी से फैली कि सुनील के पास बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और वह बस के अंदर ही फंस गया.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाने के बाद बस के अंदर सुनील का जला हुआ शव मिला, जिसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया.
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

