झरिया(JHARIA): बीसीसीएल के बस्ताकोला क्षेत्र स्थित चांदमारी बस्ती में देवी मां के प्रांगण में आयोजित 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन शनिवार को हवन-पूजन और भंडारे के साथ विधिवत संपन्न हुआ। कार्यक्रम में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने भी शिरकत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए जुटे रहे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
बस्ताकोला के प्रसिद्ध कीर्तन कलाकारों ने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस दौरान विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि अखंड हरि कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन लोगों की आस्था को मजबूत करते हैं और समाज में एकता का भाव पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि गांव की परंपरा, संस्कृति और सामूहिक विश्वास का प्रतीक है।
विधायक ने कहा कि बुजुर्गों द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आज की पीढ़ी पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रही है, जो समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि कीर्तन से लोगों के मन को शांति मिलती है और आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है। उन्होंने चांदमारी बस्ती के लोगों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अखंड हरि कीर्तन में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में पप्पू पासवान, देशराज चौहान, अरुण पासवान, नारायण पासवान, रोहित नोनिया, राकेश चौहान, विक्की भुइयां, बिरजू पासवान, मुनिया देवी, फूल कुमारी, सरस्वती देवी सहित बस्ती के कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
NEWSANP के लिए झरिया से अरविंद सिंह बुंदेला की रिपोर्ट

