DESK: भारत सरकार का संस्कृति मंत्रालय नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर 23 से 25 जनवरी 2026 तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के विजय पुरम में ‘पराक्रम दिवस–2026’ का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम देश भर के नेताजी से जुड़े 13 अन्य प्रतिष्ठित स्थलों के साथ समन्वय में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान और राष्ट्रभक्ति की विरासत को सम्मान देना है।
मुख्य समारोह शुक्रवार को विजय पुरम के नेताजी स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल एडमिरल डी.के. जोशी (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
समारोह के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें ड्रोन शो के साथ उस्ताद अमजद अली खान, पापोन, रघु दीक्षित, मंगली, सौरेंद्रो-सौम्यजीत सहित कई प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे। अंडमान-निकोबार के स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आईटीएफ ग्राउंड में नेताजी के जीवन और विरासत पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिनमें दुर्लभ चित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से उनके संघर्ष और योगदान को दर्शाया जाएगा। 24 जनवरी को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय द्वारा नेताजी के जीवन पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति भी होगी।
इसके अलावा आगंतुकों को द्वीपों के पारंपरिक व्यंजनों, लोक कलाओं और जनजातीय हस्तशिल्प प्रदर्शनों का अनुभव मिलेगा। संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, ‘पराक्रम दिवस–2026’ का उद्देश्य नेताजी के साहस, एकता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करना और भारत की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाना है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

