दिल्ली(DELHI): भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में 23 जनवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, इस दिन सुबह से रात तक अलग-अलग समय पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
शुक्रवार को एनसीआर में अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे दिन मौसम खराब बना रह सकता है।
24 जनवरी को मौसम में बदलाव के बाद ठंड और बढ़ेगी। इस दिन न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा। साथ ही, मध्यम कोहरे की भी संभावना जताई गई है।
वहीं, 21 और 22 जनवरी को भी दिल्ली-एनसीआर में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 22 से 26 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
22–23 जनवरी को कश्मीर घाटी और 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, 22 से 24 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश होगी, जबकि राजस्थान में 22–23 जनवरी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23–24 जनवरी को बारिश की संभावना है। कई इलाकों में 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा, 24 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश का अनुमान है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

