DESK: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने पंजाब दौरे के दूसरे दिन जालंधर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल संस्थान, बल्कि पूरे जालंधर शहर के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति 1,452 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्रियां प्रदान करेंगी। इनमें बी.टेक, एम.टेक, एमबीए, एमएससी और पीएचडी के छात्र शामिल हैं।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 31 मेधावी छात्र-छात्राओं को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इसे विद्यार्थियों और संस्थान दोनों के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जालंधर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, पूरे जिले को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट, निजी हेलिकॉप्टर और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दीक्षांत समारोह के सुचारू आयोजन के लिए परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। आम लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था हेतु विशेष रूट प्लान भी लागू किया गया है।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को अमृतसर स्थित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का माध्यम है।
राष्ट्रपति ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए विश्वविद्यालय द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि दीक्षांत समारोह में बड़ी संख्या में छात्राओं को डिग्री और पदक मिलना इसका प्रमाण है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

