धनबाद(DHANBAD): जिले के कतरास बीसीसीएल एरिया-4 अंतर्गत माँ अम्बे आउटसोर्सिंग कंपनी में भूमिगत खदान से उठता जहरीला धुआं ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। क्षेत्र में लगातार धुआं निकलने से आसपास का इलाका धुंध और दुर्गंध से भर गया है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से भूमिगत कोयला परतों में आग सुलग रही है, जिससे काला घना धुआं निकल रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि घरों में धुआं भर जाने से बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी और भय दोनों है कि अगर आग का दायरा बढ़ा, तो पूरा इलाका खतरे में पड़ सकता है।
आग के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि भूमिगत कोयला आग अक्सर स्वतः प्रज्वलन, विद्युत दोष, घर्षण तापन, या अनुचित तरीके से नियंत्रित विस्फोटक संचालन के कारण होती है।
बीसीसीएल अधिकारियों का कहना है कि आग को नियंत्रित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग है कि आग को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जाए और उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

