
निरसा(NIRSA):निरसा के चिरकुंडा निवासी आईटीबीपी जवान बिहारी यादव के पुत्र 36वर्षीय गौतम कुमार यादव का शव देर शाम चिरकुंडा गांजागली स्थित पुराने आवास पर लाया गया । और आज सुबह चिरकुंडा के शमशान घाट में उसे अंतिम विदाई राजकीय सम्मान के साथ दी गई ।वर्तमान समय में जवान की पत्नी पूजा कुमारी अपने सात वर्षीय पुत्र व पांच वर्षीय पुत्री के साथ चिरकुंडा के ही सोनारडंगाल मुहल्ले में रहती है । मृतक जवान का बड़ा भाई पप्पू कुमार यादव आर्मी में है और सिक्किम में पदस्थापित है । मृतक के पिता बिहारी यादव पत्नी के साथ इन दिनों जहानाबाद बिहार में अपने पैतृक निवास स्थान पर रह रहे हैं । घटना की सूचना पर मृत जवान के माता-पिता व दोनों बहन भी चिरकुंडा पहुँच गए हैं । गांजा गली स्थित आवास पर भारी संख्या में रिश्तेदार पहुँच गए हैं । दादी, मां, पत्नी सहित अन्य महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है । संजय चौक से सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार भारत माता की जय, गौतम यादव अमर रहे, वंदे मातरम का नारा लगाते हुए तिरंगा झंडा लेकर शव वाहन के साथ पौने सात बजे चिरकुंडा पहुँचे । युवकों ने शव को चिरकुंडा शहीद चौक ले गए जहां से वापस गांजा गली स्थित आवास पर लाया गया । हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शव को देखने के लिए पहुँचे हुए थे । शव को बालक-बालिका मवि चिरकुंडा में रखा गया है । सोमवार सुबह में गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद दाह संस्कार किया जाएगा ।
मृतक के चाचा संजय यादव ने कहा कि गौतम को शहीद का दर्जा दिया जाए और उन्हें इंसाफ मिले कि आखिर किन परिस्थिति में इनकी मौत हुई है । मृतक के पिता बिहारी यादव का भी रो रोकर बुरा हाल है । बड़ा भाई आर्मी जवान पप्पू यादव के भी देर रात तक चिरकुंडा पहुँचने की संभावना है । रांची से भी आईटीबीपी के अधिकारी व जवान चिरकुंडा पहुँचे हैं।
इंस्पेक्टर आईटीबीपी जगदा उरांव ने कहा कि घटना दुःखद है । पूरा आईटीबीपी परिवार सदमे में है और इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है ।
जानकारी हो कि आईटीबीपी जवान गौतम कुमार यादव बिहार चुनाव में ड्यूटी पर पश्चिम चंपारण के श्रीनगर थाना क्षेत्र के राजकीय प्लस टू स्कूल कोहड़ा भवानीपुर के छत पर अपने राइफल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर लिया था । सूचना पर परिजन गए थे जहां स्थानीय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को आईटीबीपी के अधिकारी व परिजन को सुपुर्द कर दिया ।
NEWSANP के लिए निरसा से मनोज सिंह की रिपोर्ट

