साल 2025 के लिए झारखंड विधानसभा के उत्कृष्ट विधायक के पुरस्कार की घोषणा कर दी गई है, इसके लिए विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के विधायक राज सिन्हा को चुना गया है। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई चयन समिति की बैठक में सिन्हा के नाम पर अंतिम मुहर लगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए बुधवार को एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में विपक्ष के नेता और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी और समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। 64 वर्षीय भाजपा विधायक राज सिन्हा साल 2014 से धनबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
स्पीकर महतो ने इस बारे में संवाददाताओं से कहा, ‘सिन्हा को 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के रजत जयंती समारोह के दौरान इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सिन्हा के अलावा, विधानसभा के कुछ कर्मचारियों और स्टाफ को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।’
राज सिन्हा ने जताया सबका आभार
इस बारे में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए राज सिन्हा ने लिखा, ‘आज झारखंड राज्य के 25वें स्थापना वर्ष पर झारखंड विधानसभा द्वारा मुझे उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। इस सम्मान के लिए सबसे पहले धनबाद की देवतुल्य जनता-जनार्दन को दिल की गहराइयों से कोटि-कोटि आभार। यह पुरस्कार पूर्णतः धनबाद की जनता जनार्दन को समर्पित है।’
आगे उन्होंने लिखा, ‘साथ ही विधानसभा के सभी सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सहयोगी साथियों, अपने इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों का भी हृदय से आभार, जिनके समर्थन और विश्वास ने मुझे सदैव ऊर्जा और उत्साह प्रदान किया। भारतीय जनता पार्टी के सभी वरिष्ठ नेतागण एवं मेरे समर्पित कार्यकर्ता साथियों को भी हार्दिक धन्यवाद, जिनका मार्गदर्शन और सहयोग मेरे लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है। आप सभी के आशीर्वाद और विश्वास को मैं सदैव जनसेवा के लिए समर्पित रहकर सार्थक करता रहूँगा।’
इसी बीच, विधानसभा अध्यक्ष ने 22 नवंबर को राज्य विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर अपनी अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह सचिव वंदना दादेल सहित राज्य के शीर्ष अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को इस समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

