धनबाद(DHANBAD): जिले में दामोदार नदी में बड़ा हादसा हो गया. नहाने के दौरान 9 युवक पानी में डूब गए. काफी मशक्कत के बाद तीन युवकों को सकुशल बाहर निकाला गया. वहीं एक युवक का शव बरामद किया गया है. बाकी पांच युवकों की तलाश जारी है. घटना कार्तिक पूर्णिमा के दिन बुधवार को हुई. जब महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो दामोदर नदी में स्नान करते समय नौ युवक डूब गए. भीमकनाली और भूली से पांच-पांच दोस्तों के अलग-अलग समूह स्नान करने आए थे.
घटना के बाद, सीओ गिरजानंद किस्कू और स्थानीय थाना पुलिस बचाव कार्य में जुटी है. सांसद ढुल्लू महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली, परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. सांसद ने डीसी से बुधवार को एनडीआरएफ की एक विशेष टीम बुलाने का अनुरोध किया था. जिसके बाद गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में बचाव कार्य शुरू कर दिया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाघमारा भीमकनाली निवासी पांच युवक नहाने के लिए नदी में उतरे थे. वे तेज धारा में बह गए. नदी में नहा रहे लोगों ने उन्हें देखा और नदी में कूदकर तीन युवकों को बचा लिया. बताया जा रहा है कि दो युवक सुमित और सन्नी अभी भी लापता हैं. एक अन्य घटना भूली निवासी पांच युवकों की हुई, जो नदी में बह गए. विजय यादव का शव देर शाम बरामद कर लिया गया, जबकि अन्य अनीश, रोहित और रोहन की तलाश जारी है.
घटना के संबंध में, सीओ गिरजानंद किस्कू ने बताया कि पांच युवक नदी में डूब गए, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है. सांसद ढुल्लू महतो ने घटना पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर नदी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. सरकार और प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. ऐसी घटना से निपटने के लिए प्रशासन या सरकार की ओर से कोई तैयारी नहीं की गई थी. सांसद ने इस घटना के लिए सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट
