रांची-गिरिडीह(JHARKHAND): अफ्रीकी देश ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के 48 मजदूर आगामी 5 नवंबर को स्वदेश लौटेंगे। सभी मजदूर 4 नवंबर को ट्यूनीशिया से फ्लाइट पकड़ेंगे और पांच नवंबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल एयरपोर्ट पर उतरेंगे। कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड के द्वारा सभी मजदूरों की घर वापसी के लिए टिकट करा दिया गया है। साथ ही उन्हें उनके वेतन का भुगतान भी किया गया है। घर वापसी की खबर पर सभी मजदूरों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कंपनी का आभार जताया है। बता दें कि ट्यूनीशिया देश में फंसे गिरिडीह, हजारीबाग एवं बोकारो जिले के 48 श्रमिकों की घर वापसी की मांग की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया था।
उसके बाद प्रवासी नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ और श्रमिकों से संपर्क स्थापित किया था। श्रमिकों और कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड के प्रतिनिधि के बीच वार्ता हुई। अस्थायी तौर पर श्रमिकों के भोजन एवं आवश्यक खर्चों के लिए एलएंडटी के प्रतिनिधि द्वारा 100 डॉलर (8,869 रुपए) की राशि भी दी गई थी। इससे पहले तीनों जिलों के 48 प्रवासी मजदूरों ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर अपने संदेश में दर्द को साझा किया और सरकार से वतन वापसी की गुहार लगाई थी। मजदूरों ने वीडियो में राज्य तथा केन्द्र सरकार से पहल कर बकाया वेतन का भुगतान तथा स्वदेश वापसी कराने की गुहार लगाई थी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

