बरैली : दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज जैसे त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों और खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में सघन अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अपूर्व श्रीवास्तव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 12 और 13 अक्टूबर को जिले के अलग-अलग इलाकों से 26 खाद्य और पेय पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए, जबकि 635 किलो संदूषित मिठाई, पनीर, दूध और खोया जब्त कर नष्ट कराई गई। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.28 लाख रुपये बताई गई है।
विभागीय टीम ने विजय स्वीट्स, मवई काजियान बहेड़ी से 45 किलो बर्फी, बालाजी फूडर्स, रसुआ (फरीदपुर) से मूंगफली, मक्का पोहा और बूँदी, मुकेश पुत्र काशीराम, विनोद, अनेक पाल, जगवेन्द्र आदि से बड़ी मात्रा में पनीर जब्त किया। विशारतगंज और भमौरा में दूध विक्रेताओं से भी मिश्रित दूध के नमूने लिए गए। वहीं, आशीष स्वीट्स, नरायन नगला से बर्फी और खोया, तसलीम स्वीट्स, बहेड़ी से कीम और सोनपापड़ी तथा सलीम स्पेलर से 60 लीटर सरसों तेल सीज किया गया। सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला झांसी भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) अपूर्व श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार दीपावली पर्व पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटखोरों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

