राँची(RANCHI): कारोबारी विनय सिंह के ठिकानों पर आज यानी सोमवार को भी रेड मारी गयी। ACB की टीम ने गुमला के लोहरदगा रोड पर महिंद्रा नेक्सजेन शोरूमपर रेड मारी। चार अधिकारियों और लगभग 15 पुलिस जवानों की ACB टीम ने शोरूम के दरवाजे पर दस्तक दी। एकाएक दाखिल हुई टीम ने जैसे ही दस्तावेज, कंप्यूटर और रजिस्टर खंगालने शुरू किए, कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने शोरूम के हर छोटे-बड़े आय-व्यय, वित्तीय लेन-देन और रजिस्टर की गहन जांच की। हर सवाल, हर रिकॉर्ड को बारीकी से खंगाला जा रहा था। कर्मचारियों की आंखों में डर और सहमट स्पष्ट दिख रही थी।
छुपे हुए रहस्य का खुलासा
सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से शोरूम में वित्तीय अनियमितताओं और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें ACB तक पहुंच रही थीं। रविवार को रांची के शोरूम पर हुई छापेमारी में 198 फाइलें, 27 CPU, एक लैपटॉप, चार जमीन से जुड़ी डीड और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। यह सबूत ACB के लिए बड़े रहस्य का खुलासा करने वाले साबित हो सकते हैं।
हजारीबाग का शोरूम भी सील
सोमवार सुबह 7:30 बजे, एसीबी ने हजारीबाग स्थित नेक्सजेन महिंद्रा शोरूम को सील कर दिया। यह शोरूम कारोबारी विनय कुमार चौबे के करीबी, विनय कुमार सिंह से जुड़ा बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उसी श्रृंखला की कड़ी है, जो पूरे झारखंड में वित्तीय गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की जांच के लिए शुरू की गई थी।
शहरों में बढ़ी हलचल
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने गुमला, रांची और हजारीबाग के कारोबारी और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

