
मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा ने चलाया वर्ल्ड हार्ट डे जागरूकता अभियान
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा के तत्वावधान में वर्ल्ड हार्ट डे पर सोमवार को मनीष कोचिंग सेंटर, मानबाद, झरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को हृदय स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर ऋषिकेश से पधारी योगा एवं वेलनेस कोच वर्षा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि – “हृदय हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है और इसे स्वस्थ रखना हमारी पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। इसके लिए हमें नियमित योग और प्राणायाम करना चाहिए। संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच और तनाव पर नियंत्रण बेहद जरूरी है। तैलीय और जंक फूड से दूरी बनाकर मौसमी फल, हरी सब्ज़ियाँ और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करना चाहिए। मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर पर अधिक समय बिताने के बजाय प्रतिदिन कम से कम आधे घंटे पैदल चलना या हल्का-फुल्का व्यायाम करना हृदय को मजबूत बनाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि आजकल कम उम्र में ही हृदय संबंधी बीमारियाँ बढ़ रही हैं, जिसका सबसे बड़ा कारण बदलती जीवनशैली और अनियमित दिनचर्या है। यदि बच्चे अभी से अच्छे आदतों को अपनाते हैं तो आने वाले समय में गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं।
कार्यक्रम के संयोजक हितेन शर्मा ने बताया कि इस तरह के अभियान का मकसद बच्चों को प्रारंभिक अवस्था में ही स्वास्थ्य के प्रति सजग करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ हृदय ही स्वस्थ समाज और राष्ट्र की नींव है।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा,
मंच के अन्य पदाधिकारी सहित अमर अत्री, विकास खे़मका, जोनी शर्मा और गौतम ओझा भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को हृदय स्वास्थ्य से जुड़े सरल और व्यवहारिक टिप्स बताए और उनके सवालों का जवाब दिया। उपस्थित व्यक्तियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जागरूक और स्वस्थ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

